केरल में सोना तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को बुधवार को मुख्य आरोपी स्वप्ना सुरेश समेत तीन लोगों की हिरासत मिल गई है। तिरुवनंतपुरम में एक विशेष एनआईए अदालत से ईडी को इन लोगों की हिरासत मिली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में पूर्व में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा गिरफ्तार सरित पीएस, स्वप्ना सुरेश और संदीप नायर की हिरासत ईडी को दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि तीनों से पूछताछ की जाएगी और उनके बयान धन शोधन निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किए जाएंगे।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने एनआईए की प्राथमिकी के अध्ययन के बाद ‘राजनयिक बैग’ का इस्तेमाल करते हुए कथित तौर पर सोने की तस्करी की जांच के दौरान पिछले महीने पीएमएलए का मामला दर्ज किया था। केंद्रीय एजेंसी यह जांच करेगी कि क्या कथित तौर पर सोने की तस्करी से प्राप्त रकम का इस्तेमाल आरोपियों द्वारा अपराध को अंजाम देने में तो नहीं किया गया।
यह मामला पांच जुलाई को तब सामने आया था जब सीमा शुल्क विभाग ने खाड़ी से हवाई कार्गो से तिरुवनंतुपम में उतरे एक “राजनयिक सामान” से करीब 30 किलोग्राम सोना जब्त किया। जब्त किये गए सोने की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये है। ईडी इस मामले में आरोपियों की जांच कर रही चौथी केंद्रीय एजेंसी है। इससे पहले सीमा शुल्क विभाग, एनआईए और आयकर विभाग भी मामले की जांच कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



