ड्रग्स केस में एजाज खान ने दी सफाई, कहा- मेरे घर से मिलीं सिर्फ नींद की 4 गोलियां

Summary :

एजाज खान ने बुधवार को सफाई देते हुए कहा है कि उनके घर से सिर्फ नींद की 4 गोलियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि “मेरी पत्नी का गर्भपात हो गया था। इसके चलते वह काफी तनाव में रहती थी और इससे बचने के लिए नींद की गोलियां का इस्तेमाल करती रही है

स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने मादक पदार्थ से जुड़े एक मामले में बॉलीवुड अभिनेता और बिग बॉस के पूर्व प्रतिभागी एजाज खान को गिरफ्तार किया है। एनसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि खान के शहर के हवाईअड्डे पहुंचने पर एनसीबी की मुंबई जोन की शाखा ने मंगलवार को उन्हें पहले हिरासत में लिया।
इस बीच एजाज खान ने बुधवार को सफाई देते हुए कहा है कि उनके घर से सिर्फ नींद की 4 गोलियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि “मेरी पत्नी का गर्भपात हो गया था। इसके चलते वह काफी तनाव में रहती थी और इससे बचने के लिए नींद की गोलियां का इस्तेमाल करती रही है।”
बता दें कि अधिकारी ने बताया कि मादक पदार्थ के तस्कर शादाब बटाटा से पूछताछ के दौरान खान का नाम सामने आया था। बटाटा को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद एनसीबी ने दक्षिण मुंबई में अपने कार्यालय में खान से पूछताछ की और मंगलवार रात को उनका बयान दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि अपराध में उनकी भूमिका की जांच करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किर लिया गया।
उन्होंने बताया कि एनसीबी के जोनल निदेशक समीर वानखेड़े के नेतृत्व में एक दल ने मामले में संबंध में मंगलवार को उपनगर अंधेरी और लोखंडवाला में छापे भी मारे। मंगलवार को एनसीबी कार्यालय में प्रवेश करने से पहले मीडियाकर्मियों से बातचीत में खान ने कहा कि उन्हें हिरासत में नहीं लिया गया है और वह खुद एजेंसी के अधिकारियों से मिलने आए हैं। अभिनेता ने बॉलीवुड की कुछ फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम किया है।

देश में कोरोना के 53 हजार से अधिक नए केस की पुष्टि, एक्टिव केस 5 लाख 52 हजार  

Desk Team