ईवीएम ले जा रहा चालक शराब पीकर लापरवाही से बस चलाने के आरोप में गिरफ्तार

Summary :

ईवीएम को बाद में एक अन्य बस चालक ने जव्हार पहुंचाया। चालक के खिलाफ भादंवि की धारा 279 के तहत मोखाडा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के एक चालक को ईवीएम को जिले के जवाहर ले जाते समय वाहन को लापरवाही से चलाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि चालक योगेश गवारी (38) सोमवार रात शराब पीकर वाहन चला रहा था। घटना पालघर लोकसभा सीट पर मतदान समाप्त होने के बाद की है।

 जिला ग्रामीण पुलिस के प्रवक्ता हेमंत काटकर ने कहा, ‘‘ चालक को मतदान के बाद, पालघर के एक मतगणना केंद्र से ईवीएम और अन्य चुनावी उपकरण एमएसआरटीसी बस में मोखाडा से जव्हार ले जाने का काम सौंपा गया था।’’ उन्होंने बताया कि एक जीप बस का पीछा कर रही थी। काटकर ने कहा, ‘‘ पुलिस कर्मियों ने पाया कि चालक बस को लापरहवाही से चला रहा था।

उन्होंने चालक को बस रोकने के लिए कहा, जिसके बाद वह नशे में पाया गया।’’ उन्होंने बताया कि इसके बाद उसे गिरफ्तार कर चिकित्सीय जांच के लिए भेजा गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। काटकर ने बताया कि ईवीएम को बाद में एक अन्य बस चालक ने जव्हार पहुंचाया। चालक के खिलाफ भादंवि की धारा 279 के तहत मोखाडा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

Desk Team