भवानीपुर विधानसभा सीट पर चुनाव ‘शांतिपूर्ण’, BJP ने TMC पर लगाया पैसे देकर वोट लेने का आरोप

Summary :

पश्चिम बंगाल में भवानीपुर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में बृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजे तक करीब 48.08 प्रतिशत मतदान हुआ।

पश्चिम बंगाल में भवानीपुर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में गुरुवार को अपराह्न तीन बजे तक करीब 48.08 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस सीट से चुनाव लड़ रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले की समसेरगंज सीट और जांगीपुर सीट पर क्रमश: 72.45 प्रतिशत और 68.17 प्रतिशत का उच्च मतदान दर दर्ज की गई है।
टीएमसी का मुकाबला भाजपा की प्रियंका और माकपा के श्रीजीब बिस्वास से 
अप्रैल-मई के विधानसभा चुनाव के दौरान दो प्रत्याशियों की मौत के कारण इन दो सीटों पर चुनाव रद्द करना पड़ा था। इन तीनों सीटों पर चुनाव के लिए कुल 6,97,164 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। भवानीपुर सीट पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो बनर्जी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रियंका टिबरेवाल और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के श्रीजीब बिस्वास से है।
निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता के रूप में बनर्जी ने इलाके के मित्रा संस्थान में अपना मत डाला
निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता के रूप में बनर्जी ने इलाके के मित्रा संस्थान में अपना मत डाला। टिबरेवाल ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने वार्ड संख्या 72 में मतदान केंद्र पर मतदान प्रक्रिया जबरन रोकी और राज्य के मंत्री फिरहाद हाकिम और सुब्रत मुखर्जी निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। भाजपा ने फिरहाद हाकिम और मुखर्जी के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत भी की है।
क्या सड़क किनारे स्टॉल पर चाय पीने से मतदाता प्रभावित होते हैं 
हालांकि, हाकिम ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा, ‘‘ क्या सड़क किनारे स्टॉल पर चाय पीने से मतदाता प्रभावित होते हैं ? भाजपा जानती है कि वह उपचुनाव हार जाएगी और अब बहाने बना रही है।’’ सत्तारूढ़ दल द्वारा मतदान केन्द्र के अंदर नकली मतदाताओं को लाने के दावों को लेकर भवानीपुर में एक मतदान केन्द्र के बाहर तृणमूल और भाजपा के समर्थकों के बीच मामूली हाथापाई हुई। मतदान केन्द्र पर तैनात सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित किया।
तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग के पास एक शिकायत भी दर्ज कराई
तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग के पास एक शिकायत भी दर्ज कराई, जिसमें टिबरेवाल पर 20 कारों के काफिले के साथ घूमने और मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया गया। हालांकि टिबरेवाल ने इन आरोपों से इनकार किया है।भाजपा ने बाद में आरोप लगाया कि उसके ‘पोलिंग एजेंटों’ को कई मतदान केन्द्रों के अंदर प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा। हालांकि, हाकिम ने कहा कि ऐसे दावे राजनीति से प्रेरित हैं।
अगर उनके पास ‘पोलिंग एजेंट’ बनाने के लिए लोग नहीं थे, तो वे हमसे कहते
उन्होंने कहा, ‘‘ अगर उनके पास ‘पोलिंग एजेंट’ बनाने के लिए लोग नहीं थे, तो वे हमसे कहते। हमने उन्हें एजेंट दिए होते।’’ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट से हार गई थीं। अब मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए उन्हें इस उपचुनाव में जीत हासिल करनी होगी। वहीं, दो उम्मीदवारों की मौत के बाद अप्रैल में जंगीपुर और समसेरगंज में चुनाव रद्द करना पड़ा था। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा और मतगणना तीन अक्टूबर को होगी।

Desk Team