महाराष्ट्र पुलिस के ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ प्रदीप शर्मा ने अचानक पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया है और अब उनके बीजेपी में शामिल होकर राजनीति में नई पारी की शुरूआत करने की अटकलें लगायी जा रही हैं। बताया जाता है कि 100 से अधिक एनकाउंटर कर चुके प्रदीप शर्मा ने चार जुलाई को ठाणे पुलिस आयुक्त को अपना इस्तीफा भेजा था।
फिलहाल ठाणे एंटी एक्सटॉर्शन सेल में सीनियर पुलिस ऑफिसर के पद पर कार्यरत प्रदीप शर्मा के इस्तीफे को अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है। कहा जा रहा है कि प्रदीप शर्मा राजनीति में प्रवेश कर महाराष्ट्र में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
उपनगरीय रेल नेटवर्क पर हुए हादसों में एक ही दिन 16 की मौत
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि प्रदीप शर्मा बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। गौरतलब है कि ठाणे एंटी एक्सटॉर्शन सेल में रहते हुए प्रदीप शर्मा ने रंगदारी के मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर को गिरफ्तार किया, जिस पर मकोका के तहत मामला चल रहा है।
साथ ही उन्होंने बुकी सोनु जलाना और इंटरनेशनल डी-कंपनी के बेटिंग सिंडिकेट को तोड़ जिसमें अभिनेता अरबाज खान सहित कई नामी कलाकारों के बेटिंग की जानकारी उभरकर सामने आई थी। प्रदीप शर्मा ने जब मुंबई में कदम रखा, तब अंडरवर्ल्ड अपने चरम पर था। दाऊद इब्राहिम, छोटा राजन जैसे नामी अपराधी पुलिस की हिट लिस्ट में थे।
प्रदीप शर्मा ने आते ही दो नामी बदमाशों का एनकाउंटर किया। इसके बाद मुंबई में उनका नाम गूंजने लगा। वर्ष 2008 में प्रदीप शर्मा पर अंडरवर्ल्ड से जुड़े होने का आरोप लगा। उनका नाम ‘लखन भैया फर्जी एनकाउंटर’ में आया था, जिसके बाद उन्हें मुंबई पुलिस से निलंबित कर दिया गया। चार साल जेल में काटने के बाद वर्ष 2009 में कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया। इसके बाद उन्होंने वापस मुंबई पुलिस ज्वॉइन कर ली।
प्रदीप शर्मा के नाम 111 से भी अधिक एनकाउंटर दर्ज हैं। इसमें लश्कर-ए-तैयबा के तीन खूंखार आतंकवादी भी शामिल हैं। फिल्म ‘अब तक 56’ उनकी ही जीवनी पर बनी है जिसमें नाना पाटेकर ने मुख्य किरदार निभाया था। एक स्कूल टीचर के बेटे प्रदीप शर्मा की लाइफ पर ‘रेगे’ नाम की मराठी फिल्म भी बन चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



