नयी दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनके पिता द्वारा दर्ज करायी गई शिकायत से उत्पन्न धनशोधन मामले के सिलसिले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को सात अगस्त को पूछताछ के लिए सम्मन किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवर्ती से पूछताछ की जाएगी और उनके बयान को धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया जाएगा।
यह पूछताछ उस धनशोधन मामले से जुड़ी है, जो पिछले हफ्ते ईडी ने बिहार पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर दर्ज किया था, जिसमें राजपूत के पिता ने चक्रवर्ती और उनके परिवार पर बॉलीवुड अभिनेता को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।
34 वर्षीय राजपूत 14 जून को मुंबई के बांद्रा इलाके में अपने अपार्टमेंट में फंदे से लटके पाए गए थे। बता दें, बिहार सरकार की सिफारिश पर सीबीआई अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कथित खुदकुशी के मामले में जांच संभालेगी। एजेंसी के अधिकारियों ने बुधवार को यह बात कही। बिहार पुलिस ने सुशांत के पिता की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक षड्यंत्र रचने, धोखाधड़ी और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया था।
अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार ने मामले में सीबीआई जांच की मांग की थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अनुशंसा को सीबीआई को भेजा है और एजेंसी ने इस आधार पर जांच शुरू करने का फैसला किया है। प्रक्रिया के अनुसार, अगर मामले में कानूनी पहलू हैं तो सीबीआई को जांच के रेफरेंस को लौटाने की स्वतंत्रता है और वह इस संबंध में और स्पष्टीकरण मांग सकती है, लेकिन जानकार सूत्रों ने कहा कि इस मामले को एजेंसी जांच के लिए लेगी।


Download Android App
Download iOS App



