पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का दामन थाम लिया है। टीएमसी में शामिल होने के कुछ वक्त बाद संवाददाता सम्मेलन में सुप्रियो ने कहा कि वह ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले दल का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हैं और पश्चिम बंगाल के विकास के लिये कड़ी मेहनत करेंगे।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह आसनसोल सीट से भाजपा सांसद के तौर पर इस्तीफा देंगे, सुप्रियो ने कहा कि वह नियमों का पालन करेंगे। उन्होंने कहा, “जब मैंने दो महीने पहले कहा था कि मैं राजनीति छोड़ना चाहता हूं तो मैं इसे लेकर गंभीर था। यह नया अवसर मिलने के बाद, हालांकि मैंने अपना विचार बदलने का फैसला किया।
मैं टीएमसी में शामिल होने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। मैं बंगाल के विकास के लिए काम करूंगा।” उन्होंने कहा, “मैं राज्य के लिये काम करने का अवसर देने के लिये अभिषेक बनर्जी (टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव) और ममता बनर्जी का शुक्रगुजार हूं।” उन्होंने कहा, “मैं नियमों का पालन करूंगा।
जब मैं तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गया हूं तो आसनसोल सीट पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।” सुप्रियो ने पिछले महीने घोषणा की थी कि वो राजनीति छोड़ रहे हैं। बाद में उन्हें लोकसभा के सदस्य के तौर पर इस्तीफा न देने के लिए मना लिया गया था। अभिनेता ने कहा था कि वह सक्रिय राजनीति का हिस्सा नहीं रहेंगे।


Download Android App
Download iOS App



