देहरादून : राजभवन में प्रति वर्ष आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी बसंतोत्सव (कलर्स आॅफ स्प्रिंग) 9 तथा 10 मार्च, 2019 को आयोजित होगी। यह निर्णय गुरूवार को राजभवन में राज्यपाल के सचिव आर. के. सुधांशु की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में लिया गया। पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यपाल बेबी रानी मौर्य द्वारा किया जायेगा।
इसी दिन डाक विभाग द्वारा प्रदेश की किसी विशेष पुष्प प्रजाति पर डाक टिकट भी जारी किया जायेगा। प्रथम दिन 12.00 बजे के बाद तथा दूसरे दिन सुबह 8.00 बजे से शाम तक जनता के लिए खुली रहेगी। सचिव राज्यपाल ने कहा कि पुष्प प्रदर्शनी से प्रदेश में फ्लोरीकल्चर को प्रोत्साहित किया जाय।
उन्होंने कहा कि पुष्प प्रदर्शनी के माध्यम व्यवसायिक पुष्प उत्पादकों को भी बढ़ावा दिया जाए। आर्गनिक उत्पादों तथा हार्टीकल्चर टूल्स को भी प्रमुखता से स्थान दिया जाय। दो दिवसीय प्रदर्शनी में कुल 9 वर्गों में 147 पुरस्कारों के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। इसमें सर्वाधित 51 पुरस्कार ट्रैडिशनल कट फ्लावर प्रतियोगिता में हैं।
नाॅन ट्रैडिशनल कट फ्लावर में 27 पुरस्कार हैं। नर्सरियों, फ्लावर अरेंजमेंट, गमलों में लगाये गए पुष्प आदि वर्गों में भी प्रतियोगिता होगी। अन्य रोचक प्रतियोगिताओं में आॅन स्पाॅट फोटोग्राफी प्रतियोगिता तथा पुष्प पंखुड़ी रंगोली प्रतियोगिता भी शामिल है। प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों के साथ-साथ दिव्यांग बच्चों, वंचित वर्ग के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी होगी।
प्रदर्शनी में 30 से अधिक विभागों, संस्थानों, बैंकों को स्टाॅल हेतु आमंत्रित किया जायेगा। संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। बैठक में सचिव उद्यान डी. सेंथिल पाण्डियन, निदेशक उद्यान आर.के. श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव राज्यपाल विक्रम यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
– सुनील तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



