भाजपा ने रविवार को दावा किया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास 170 से अधिक विधायकों का समर्थन है और भरोसा जताया कि वह राज्य विधानसभा में अपनी सरकार का बहुमत साबित करेंगे। यहां भाजपा नेता आशीष शेलार ने कहा कि फडणवीस एक स्थिर और मजबूत सरकार देंगे। उन्होंने कहा, ‘‘फडणवीस और अजित पवार के शपथ लेने के साथ ही लोगों के बीच खुशी और सकारात्मकता का भाव है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘फडणवीस के पास 170 से अधिक विधायकों का समर्थन है और भाजपा सरकार सदन के पटल पर बहुमत साबित करेगी।’’ शेलार ने कहा कि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सदन के पटल पर अपना बहुमत साबित करने के लिए नयी सरकार को 30 नवंबर तक का समय दिया है। उन्होंने इस आरोप को खारिज कर दिया कि शनिवार को हुआ शपथ ग्रहण ‘‘रात के अंधेरे में’’ किया गया।
मुंबई भाजपा के पूर्व प्रमुख ने कहा, ‘‘हम आरएसएस स्वयंसेवक हैं जो सुबह छह बजे शाखाओं में जाते हैं। हम मानते हैं कि सुबह जो किया जाता है वह अच्छा होता है।’’ शिवसेना पर निशाना साधते हुए शेलार ने कहा, ‘‘रात के अंधेरे में जो किया गया वह कांग्रेस नेता अहमद पटेल से उस कार में मिलने जाना है जिसके शीशे काले थे।’’ उन्होंने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के गत सप्ताह पटेल से मुलाकात करने के बारे में मीडिया में आ रही खबरों के संबंध में यह बात कही।


Download Android App
Download iOS App



