दक्षिण मुम्बई में नरीमन प्वाइंट के पास ‘बैंक ऑफ बहरीन एंड कुवैत’ के कार्यालय में आज सुबह आग लग गयी। अभी अग्निशमन अभियान चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बैंक जॉली मेकर चैंम्बर 2 की 15 मंजिला इमारत में भूतल पर स्थित बैंक कार्यालय और सर्वर कक्ष में सुबह करीब सवा पांच बजे आग लगी।

उन्होंने बताया कि आग 4,000 वर्ग फुट के भूतल क्षेत्र में फैल गई। दमकल विभाग को सुबह पांच बजकर 21 मिनट पर आग लगने की जानकारी देने के लिए फोन किया गया, जिसके बाद दमकल की गाड़ियों को तुरंत रवाना किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘किसी के अंदर फंसे होने की कोई सूचना नहीं है।’’अधिकारी ने बताया कि पानी के टैंकर सहित दमकल विभाग की नौ गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।


Download Android App
Download iOS App



