कोविशील्ड टीकों की पहली खेप को मंगलवार सुबह पुणे हवाईअड्डे से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। ‘स्पाइसजेट’ का विमान टीके लेकर सुबह करीब आठ बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ। इससे पहले तापमान नियंत्रित तीन ट्रकों में इन टीकों को तड़के पांच बजे से कुछ समय पहले ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ (एसआईआई) से पुणे हवाईअड्डे के लिए रवाना किया गया था।
पुणे हवाईअड्डे से इन टीकों को हवाई मार्ग के जरिए भारत के अन्य हिस्सों में पहुंचाया जाएगा। पुणे हवाईअड्डे की ओर से ट्वीट किया गया, ‘‘जाने को तैयार, भारत के साथ खड़े हैं। वायरस को खत्म करने वाले टीकों को देश भर में पहुंचाने के लिए विमान में रखा जा रहा है।’’ टीकों को ले जाने के काम से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि टीकों को एसआईआई से रवाना करने से पहले एक पूजा भी की गई।
सूत्र ने बताया कि ट्रकों में 478 डिब्बे थे और प्रत्येक डिब्बे का वजन 32 किलोग्राम है। ट्रक ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ के मंजरी केन्द्र से निकले और वहां से 15 किलोमीटर दूर स्थित हवाई अड्डे पहुंचे। सूत्र ने बताया कि हवाईअड्डे से टीकों को दिल्ली के अलावा देशभर में 12 स्थानों पर भेजा जाएगा। सुबह 10 बजे से सात अन्य विमानों में टीकों को भेजा जाएगा।
इन टीकों को पुणे से जिन स्थानों पर ले जाया जाएगा, उनमें अहमदाबाद, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, करनाल, हैदराबाद, विजयवाड़ा, गुवाहाटी, लखनऊ, चंडीगढ़ और भुवनेश्वर शामिल हैं। सूत्र ने बताया कि इनमें दो मालवाहक विमान भी शामिल हैं। एक मालवाहक विमान हैदराबाद, विजयवाड़ा तथा भुवनेश्वर और दूसरा मालवाहक विमान कोलकाता तथा गुवाहाटी जाएगा।
मुम्बई के लिए टीके सड़क मार्ग से रवाना किए जाएंगे। टीकों को सीरम इंस्टीट्यूट से ले जाने के लिए ‘कूल-एक्स कोल्ड चैन लिमिटेड’ के ट्रकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। एक खेप ‘एअर इंडिया’ के मालवाहक विमान से अहमदाबाद भेजी जाएगी। गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने सोमवार को ट्वीट किया था कि गुजरात को मंगलवार सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर ‘सरदार वल्लभभाई पटेल हवाईअड्डे’ पर कोरोना वायरस टीके की पहली खेप उपलब्ध होगी। केन्द्र सरकार ने देश में 16 जनवरी से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान से पहले सोमवार को ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ (एसआईआई) और ‘भारत बायोटेक’ को कोविड-19 टीके की छह करोड़ से अधिक खुराक के लिए ऑर्डर दिया था।


Download Android App
Download iOS App



