मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने राज्य में जारी गेहूं खरीदी में आम किसान को आ रही दिक्कतों का जिक्र करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जो दावे कर रहे हैं वह झूठे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने सोमवार को ट्वीट कर मुख्यमंत्री चौहान पर तंज कसते हुए कहा, शिवराज जी, आप समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के भले बड़े-बड़े दावे करें, खूब आंकड़े जारी करें लेकिन सच्चाई इसके विपरीत है। आज किसान भाइयों को अपनी उपज बेचने के लिये काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कमल नाथ ने आगे कहा, उपार्जन केंद्रों पर कहीं बारदाने की कमी है, कही तुलाई की व्यवस्था नहीं है, परिवहन नहीं होने से काम बंद पड़ा है, किसानों को एसएमएस भेजकर बुला लिया जाता है। कई- कई दिन तक भीषण गर्मी व लू में अपनी उपज बेचने के लिये भूखा-प्यासा किसान कई किलोमीटर तक लंबी लाइन में लगा हुआ है, उनकी कोई सुध लेने वाला नहीं है। पिछले दिनों आगर – मालवा में मलवासा के एक किसान प्रेम सिंह की इसी परेशानियों व अव्यवस्थाओं से दुखद मौत हो गई थी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, देवास के उपार्जन केंद्र में रविवार को फसल तुलाई के लिए लाईन में लगे एक और किसान की दुखद मौत हो गई। जिले के टौंक खुर्द के अमोना गांव निवासी किसान जयराम मंडलोई अपनी फसल लेकर तुलाई के इंतजार में भीषण गर्मी में लाइन में लगे थे। खरीदी की अव्यवस्थाओं से, भीषण गर्मी में तनाव में किसान की जान चली गयी। ऐसे ही कई किसान निरंतर परेशानियों का सामना कर रहे हैं, अपनी उपज बेचने के लिये निरंतर भटक रहे हैं, तनाव झेल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा सरकार सिर्फ झूठे दावे में लगी हुई है, जमीनी धरातल पर स्थिति विपरीत है। सरकार इस मृत किसान के परिवार की हरसंभव मदद करें व इस किसान की मौत के जिम्मेदारों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही हो।


Download Android App
Download iOS App



