सीबीआई ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के महासचिव पार्थ चटर्जी और शहर के पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार से पश्चिम बंगाल में पोंजी घोटाले के सिलसिले में पूछताछ की। सीबीआई सूत्रों ने कहा कि राज्य के शिक्षा मंत्री चटर्जी से अब बंद हो चुके सारदा समूह द्वारा टीएमसी के मुखपत्र ‘जागो बांग्ला’ के लिये कथित तौर पर रकम दिये जाने के सिलसिले में पूछताछ हुई। चटर्जी इसके संपादक हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने पहली बार शहर के पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार से भी करोड़ों रुपये की रोज वैली पोंजी योजना घोटाले के सिलसिले में पूछताछ की।
चटर्जी से सारदा घोटाले के सिलसिले में एजेंसी ने तीन घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की। जांच एजेंसी के साल्टलेक स्थित दफ्तर में की गई पूछताछ के बाद बाहर आने पर उन्होंने इंतजार कर रहे संवाददाताओं से कहा, “सीबीआई ने मुझे व्यक्तिगत कारणों से नहीं बुलाया था, पार्टी की तरफ से बुलाया था।”
सूत्रों ने कहा कि टीएमसी के राज्यसभा सदस्य और पार्टी के प्रवक्ता डेरेक ओब्रायन से पूछताछ में चटर्जी का नाम आने के बाद सीबीआई ने उन्हें बुलाया था। ओब्रायन पार्टी मुखपत्र के प्रकाशक हैं। उनसे से भी सारदा घोटाले की जांच के सिलसिले में पूछताछ हुई थी। जांच एजेंसी ने फिलहाल एडीजी(सीआईडी) कुमार से भी तीन घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की।


Download Android App
Download iOS App



