गहलोत ने BJP, RSS पर साधा निशाना, कहा- निडर होकर अपनी विचारधारा पर चलें NSUI कार्यकर्ता

Summary :

एनएसयूआई के 51वें स्थापना दिवस पर राजस्थान एनएसयूआई कार्यालय पर आयोजित समारोह को आनलाइन संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि हमें निडर होकर हमारी विचारधारा पर चलना है और कामयाब वही होता है जो सच्चाई पर चलता है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को भाजपा, आरएसएस पर निशाना साधते हुए भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) कार्यकर्ताओं का आहृवान किया कि हमें निडर होकर हमारी विचारधारा पर चलना है और कामयाब वही होता है जो सच्चाई पर चलता है।
एनएसयूआई के 51वें स्थापना दिवस पर राजस्थान एनएसयूआई कार्यालय पर आयोजित समारोह को आनलाइन संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि भाजपा और आरएसएस वाले खाली हिन्दुत्व की बात करते हैं..तो माहौल हिन्दुत्व का बन गया है तो हम भी घबरा गए हैं.. वोट देंगे ही नहीं हमें लोग.. घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
गहलोत ने आगे कहा कि हमें निडर होकर के हमारी विचारधारा पर चलना है और कामयाब वही होता है जो सच्चाई पर चलता है। सच्चाई हमारे पक्ष में है उनके (भाजपा, आरएसएस) पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 14 बैंकों का राष्ट्रीयकरण एक झटके में कर दिया। 14 बैंकों को सरकारी बैंक बना दिया। गहलोत ने कहा कि मोदी की तरह नोटबंदी नहीं की , आज दुख दे रही है देश को.. आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है।

Desk Team