गोवा के एक नेता ने मां दुर्गा से की ममता बनर्जी की तुलना, कहा- BJP की ‘भस्मासुर’ सरकार का करेंगी नाश

Summary :

गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के एक नेता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना मां दुर्गा से करके विवाद खड़ा कर दिया है।

गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के एक नेता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना मां दुर्गा से करके विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा रूपी ममता बनर्जी तटीय राज्य में भारतीय जनता पार्टी की ”भस्मासुर’’ सरकार का नाश करेंगी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने उनकी इस टिप्पणी की निंदा की है।
गोवा को पश्चिम बंगाल से ‘दुर्गा’ को लाना होगा, जो इस ‘भस्मासुर’ भाजपा सरकार का नाश करेंगी
जीएफपी के कार्यकारी अध्यक्ष किरण कांडोलकर ने शनिवार को कहा कि गोवा को पश्चिम बंगाल से ‘दुर्गा’ को लाना होगा, जो इस ‘भस्मासुर’ भाजपा सरकार का नाश करेंगी। उन्होंने इस बात को भी स्वीकार किया कि जीएफपी की अगले साल गोवा में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन के बारे में बात चल रही है।
गोवा की जनता इस तरह की तुलना को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी
इस टिप्पणी के बारे में मुख्यमंत्री सावंत ने कहा, ‘‘गोवा की जनता इस तरह की तुलना को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। आप देवी शांतादुर्गा की तुलना किसी इंसान…ऐसे इंसान से नहीं कर सकते, जिसने पश्चिम बंगाल चुनाव के परिणामों के बाद महिलाओं पर अत्याचार किए।’’ सावंत ने बनर्जी का नाम लिए बगैर कहा कि लोगों ने देखा है कि कैसे उन्होंने तथा पार्टी (तृणमूल कांग्रेस) ने ‘‘पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजे आने के बाद लोगों की निर्दयता से हत्या की।’’

Desk Team