गोवा में चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी लगातार झटके झेल रही है। पार्टी विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक ने मंगलवार को राज्य विधानसभा से अपना इस्तीफा दे दिया। नाइक के इस्तीफे के साथ, 40 सदस्यीय राज्य विधानसभा में कांग्रेस का संख्याबल घटकर तीन हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, रवि नाइक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
गोवा में पोंडा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले नाइक ने विधानसभा अध्यक्ष राजेश पाटनेकर को अपना इस्तीफा सौंपा। उनके साथ उनके दो बेटे भी थे, जो पिछले साल सत्तारूढ़ बीजेपी में शामिल हुए थे। नाइक ने अपना इस्तीफा सौंपने के बाद यहां संवाददाताओं से कहा, “मैंने इस्तीफा दे दिया। मैं आपको बता दूंगा कि आगे क्या योजना है।”
गोवा : CM सावंत ने TMC और MGP गठबंधन पर ली चुटकी, कहा-हमें हैरानी है कि यह कैसे मेल खाएंगी
सूत्रों के मुताबिक,बीजेपी के गोवा चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में दिन में नाइक के बीजेपी में शामिल होने की उम्मीद है। रवि नाइक के छोटे बेटे रॉय नाइक ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से बीजेपी में शामिल होने का अनुरोध किया है। राज्य के 2017 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस 17 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। हालांकि, 13 सीटें जीतने वाली बीजेपी ने तटीय राज्य में सरकार बनाने के लिए कुछ क्षेत्रीय संगठनों और निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ गठबंधन किया। तब से, कांग्रेस के कई विधायक पार्टी छोड़ कर बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।
इस साल अक्टूबर में, गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुइज़िन्हो फलेरियो ने कांग्रेस विधायक के रूप में इस्तीफा दे दिया था और बाद में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे।


Download Android App
Download iOS App



