पणजी : गोवा विधानसभा का तीन दिवसीय बजट सत्र मंगलवार को आरंभ होगा जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर वित्त वर्ष 2019-20 के लिए वित्तीय भाषण पेश करेंगे। 63 वर्षीय पर्रिकर अग्नाश्य संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं। वह संभवत: 30 जनवरी को बजट और फिर पांच महीनों के लिए लेखानुदान पेश करेंगे। विधानसभा के अध्यक्ष प्रमोद सावंत ने बताया कि पर्रिकर पूरे तीन दिवसीय सत्र में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अपने इलाज के लिए वर्ष 2018 में अमेरिका, गोवा, मुंबई और नयी दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती हुए थे।
उन्होंने पिछले सप्ताह व्यापार सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की थी। वह पिछले साल अक्टूबर में नयी दिल्ली में एम्स से छुट्टी मिलने के बाद गोवा में अपने निजी आवास में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं । वह सार्वजनिक रूप से कम ही नजर आए हैं। राज्यपाल मृदुला सिन्हा सत्र के पहले दिन सदन को संबोधित करेंगी। समुद्री तटों समेत सार्वजनिक क्षेत्रों में मद्यपान एवं अन्य उत्पात पर रोक लगाने के लिए पर्यटन व्यापार अधिनियम में संशोधन संबंधी एक विधेयक सदन में पेश किया जाएगा।
अध्यक्ष के कार्यालय को तीन दिवसीय सत्र के लिए 419 प्रश्न मिले हैं जिनमें 137 तारांकित और 282 अतारांकित हैं। उसे सदन में पेश करने के लिए गोवा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (संशोधन) आयोग विधेयक 2019, गोवा वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक और गोवा सहकारी समितियां (संशोधन) विधेयक 2019 सरकारी विधेयक भी मिले हैं।


Download Android App
Download iOS App




