Flight के Washroom से मिले 24 Gold Biscuit!अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सोने की बड़ी तस्करी बड़ा भंडाफोड़

Summary :

Gold Bisuits Seized in Dubai IndiGo Flight: अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुबई से आई एक IndiGo Flight में कस्टम विभाग के एक्शन से हड़कंप मच गया है। दरअसल कस्टम विभाग के अधिकारियों ने विमान के टॉयलेट से करोड़ों रुपये का सोना बरामद किया है। तस्करों द्वारा अपनाया गया यह तरीका इतना अनोखा था कि जांच टीम भी हैरान रह गई। यह कार्रवाई 12 जून को मिली एक विशेष सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलने के बाद कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने दुबई से अहमदाबाद पहुंची इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-1478 पर…

Gold Bisuits Seized in Dubai IndiGo Flight: अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुबई से आई एक IndiGo Flight में कस्टम विभाग के एक्शन से हड़कंप मच गया है। दरअसल कस्टम विभाग के अधिकारियों ने विमान के टॉयलेट से करोड़ों रुपये का सोना बरामद किया है। तस्करों द्वारा अपनाया गया यह तरीका इतना अनोखा था कि जांच टीम भी हैरान रह गई। यह कार्रवाई 12 जून को मिली एक विशेष सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलने के बाद कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने दुबई से अहमदाबाद पहुंची इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-1478 पर नजर रखी। विमान के उतरते ही अधिकारियों ने इंजीनियरिंग टीम की सहायता से उसकी गहन जांच शुरू की।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जांच के दौरान विमान के आगे वाले हिस्से में स्थित टॉयलेट की तलाशी ली गई। इसी दौरान अधिकारियों की नजर टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स पर पड़ी। जब स्पीकर बॉक्स को खोला गया तो उसके अंदर काले रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे दो पैकेट मिले, जिन पर शक होने पर उन्हें बाहर निकाला गया।

Gold Smuggling in Fight: स्पीकर बॉक्स से निकले 24 सोने के बिस्किट

(CREDIT-SM)
(CREDIT-SM)

कस्टम अधिकारियों ने जब दोनों पैकेट खोले तो उनके अंदर 24 कैरेट शुद्धता वाले 24 सोने के बिस्किट पाए गए। बरामद सोने का कुल वजन 2,799.3 ग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 4.26 करोड़ रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बाद भी किसी यात्री या अन्य व्यक्ति ने उस पर अपना दावा नहीं किया। इसके चलते कस्टम विभाग ने इसे कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत बिना दावे वाली संपत्ति मानते हुए जब्त कर लिया।

Gold Biscuit Seized: तस्करों के नेटवर्क की तलाश में जुटी एजेंसियां

(CREDIT-SM)
(CREDIT-SM)

सोना आखिर विमान के टॉयलेट में कैसे पहुंचा और इसे वहां किसने छिपाया, इसकी जांच अब शुरू कर दी गई है। कस्टम विभाग और अन्य जांच एजेंसियां पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस तस्करी के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। जांच टीम एयरपोर्ट और विमान से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। इसके अलावा फ्लाइट स्टाफ और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

एक दिन पहले भी पकड़ा गया था सोना

गौरतलब है कि अहमदाबाद एयरपोर्ट पर यह हाल के दिनों में सोने की तस्करी का दूसरा बड़ा मामला है। इससे एक दिन पहले ही वेरावल के एक यात्री को कस्टम अधिकारियों ने पकड़ा था। उसके पास से 60 लाख रुपये से अधिक कीमत का सोना बरामद किया गया था, जिसे विशेष तरीके से छिपाकर लाया जा रहा था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल कस्टम विभाग पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि इस तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: IAF Plane Crash: असम के जोरहाट में IAF विमान हादसा, कौन थे देश के लिए शहीद हुए वो 5 जांबाज? एयरफोर्स ने शुरू की जांच

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।