भोपाल ( मनीष शर्मा) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसान को उचित दाम मिले इसके लिये प्रयास लगातार जारी है। कोरोना के महासंकट में हमने लगातार खरीदी जारी रखी है। चना, मसूर, सरसों की भी हमने खरीदी की है। हमने आकलन किया कि मूंग के दाम गिर रहे हैं और तब हमने त्वरित फैसला किया कि चाहे आंधी-बारिश हो हम मूंग खरीदेंगे।
सीएम शिवराज ने प्रदेश में मूंग खरीदी के पंजीयन का शुभारम्भ कर कृषकों से चर्चा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है किसान को उसके उत्पाद का लाभकारी मूल्य दिलाना। सीएम शिवराज ने कहा कि कोरोना वायरस अभी है, सावधानी रखते हुए उत्पाद बेचें। किसान भाइयों का सहयोग चाहिए इसमे, धैर्य रखिए, शांति से खरीदी की जाएगी। हम आपके लिये कृत संकल्पित हैं।
इस मौके पर के अलग-अलग कृषकों ने बताया कई योजनाओं का लाभ मिल रहा है, छोटे किसान के लिये मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना और प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि बहुत लाभकारी है।सीएम ने कहा कि किसान भाइयों प्रधानमंत्री का सपना है किसानों के आय दुगुनी करना। इसके लिये हमारे निरंतर प्रयास जारी हैं कि किसान के साथ पूरी ताकत से खड़े रहें। आज मध्यप्रदेश में 42 लाख हेक्टेयर सिंचित भूमि है और इसे 65 लाख हेक्टेर तक ले जाना है।
उन्होंने किसानों ने कहा कि आपने धूप में अपना पसीना बहाया है, हमारा भी संकल्प है कि आपके पसीने की एक-एक बूंद की कीमत आपको देंगे। आप सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा उत्पादन बढ़े, उसके हरसंभव प्रयास सरकार कर रही है। 3 फसल लेने का चमत्कार हमारी सरकार में ही हुआ। बिजली भरपूर उपलब्ध कराई गई जिससे सिंचाई भरपूर हुई। उत्पादन की लागत घटाने के लिए भी अनेक प्रयास किये।


Download Android App
Download iOS App



