मध्य प्रदेश के ग्वालियर संभाग में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के जींस और टीशर्ट पहनकर दफ्तर आने पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों को शालीन और गरिमामय परिधान पहनकर दफ्तर आने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
संभाग के आयुक्त एम बी ओझा ने एक आदेश जारी कर संभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा है कि सभी शासकीय सेवकों गरिमापूर्ण, शालीन एवं औपचारिक परिधान पहनकर शासकीय दफ्तर में दायित्व निर्वहन करें, जो इस आदेश की अवहेलना करते है उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए।
उन्होंने एक अधिकारी द्वारा फैंटेड जींस और टीशर्ट पहनने का जिक्र करते हुए कहा है कि उनके द्वारा अशोकनगर जिले के भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर जैसे वरिष्ठ अधिकारी द्वारा बैठक में फैंटेड जीन्स पहनकर उपस्थित होना उक्त कृत्य शासकीय सेवक के पद की गरिमा के विपरीत होकर अमर्यादित आचरण की ओर इंगित करता है, जो उचित नहीं है।
संभाग आयुक्त ओझा ने संभाग के सभी संभागीय अधिकारियों एवं जिला कलेक्टरों को भेजे गए पत्र में निर्देश दिए हैं कि शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यालयों में शासकीय सेवक गरिमापूर्ण शालीन एवं औपचारिक परिधान पहनकर ही अपने दायित्वों का निर्वहन करें, यह सुनिश्चित किया जाए।
इन निर्देशों की जो अधिकारी व कर्मचारी अवहेलना करते है, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने हेतु सक्षम अधिकारी को प्रस्ताव भेजे जाएं। उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई 2020 को प्रदेश के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वीडियो कन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मंदसौर जिले के वन मण्डलाधिकारी द्वारा अशालीन परिधान (टीशर्ट) पहनकर शामिल होने पर मुख्यमंत्री सहित मुख्य सचिव द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को शालीन, औपचारिक एवं गरिमापूर्ण परिधान पहनकर कार्यालय में आने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



