रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि स्वस्थ शिक्षित एवं खुशहाल झारखंड का निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकता है ताकि राज्य सरकार के लोगों का चिकित्सा एवं शिक्षा हेतु राज्य से बाहर जाना न पड़े। मुख्यमंत्री आज धनबाद में एशियन ग्रूप की परियोजना पर हुये एमओयू के उपरांत बने एक अस्पताल के उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक झारखण्ड राज्य को स्वास्थ्य सुविधा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जल्द ही धनबाद में सदर अस्पताल भी बनाया जाएगा। सरकार द्वारा इसी वर्ष तीन नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किये जा रहे हैं।
जल्द ही गुमला, जामताड़ा, इटकी, चाईबासा एवं साहेबगंज में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की जाएगी। इन कॉलेजों के स्थापित होने से डॉक्टरों एवं नर्सों की कमी भी पूरी होगी। नर्सिंग के क्षेत्र में झारखण्ड की ट्राईबल बच्चियां बहुत आगे हैं। इन बच्चियों को घर पर ही रोजगार प्राप्त होगा साथ ही अन्य बच्चियों को भी अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई संस्थान अगर मेडिकल कॉलेज खोलना चाहती है तो 50 सिटों वाली मेडिकल कॉलेज खोलने पर सरकार 20 करोड़ रूपये अनुदान देगी। 100 सिटों वाली कॉलेज पर 30 करोड़ अनुदान देगी। ये अनुदान राशि किस्तों में दी जाएगी। हॉस्पीटल खोलने पर जमीन मूल्य का 50 प्रतिशत अनुदान सरकार देगी।
पीपीपी मोड में मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए निवेशकों को आकर्षित किया जा रहा है। मेडिकल टूरिज्म के माध्यम से रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। टाटा ट्रस्ट द्वारा जल्द ही रांची में कैंसर हॉस्पीटल खोला जाएगा। इस अवसर पर अस्पताल के चेयरमैन सह सीएमडी पद्मश्री डा.एन.के. पांडेय ने कहा कि उनकी ओर से राज्य सरकार से जो वायदा किया गया थाए उसे निभाया गया है।
मरीजों को समर्पित भाव से स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराना अस्पताल प्रबंधन की प्राथमिकता होगी। इससे पहले धनबाद पहुंचने पर मुख्यमंत्री का वरीय पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर स्वागत किया।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें ।


Download Android App
Download iOS App



