राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह-सरकार्यवाह मनमोहन वैद्य ने शुक्रवार को कहा कि संघ को जानने में समाज की उत्सुकता बढ़ी है। उन्होंने संघ में निर्णय लेने वाली सर्वोच्च इकाई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा (एबीपीएस) की यहां दो दिवसीय वार्षिक बैठक शुरू होने के अवसर पर यह बात कही।
वैद्य ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान सेवा और राम मंदिर अभियान ने भारतीय समाज की जीवटता और सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित किया है। संघ के सह-सरकार्यवाह ने कहा कि महामारी के दौरान समाज की सहभागिता और राम मंदिर निधि समर्पण अभियान के दौरान देश में प्रकट की गई एकजुटता को लेकर आभार जताने के लिए एबीपीएस प्रस्ताव पारित करेगा।
वैद्य ने कहा, ‘‘कोरोना काल में और श्रीराम मंदिर के लिए जनसंपर्क अभियान में ध्यान में आया कि संघ को जानने की समाज में उत्सुकता बढ़ी है। ’’ उन्होंने कहा कि संघ से जुड़ना चाह रहे लोगों की संख्या अब धीरे-धीरे बढ़ रही है। बैठक की शुरूआत होने के अवसर पर आरएसएस सर संघचालक मोहन भागवत और इसके मौजूदा सर कार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी भी उपस्थित थे। बैठक में करीब 450 प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। इसमें शनिवार को सरकार्यवाह का चुनाव भी होना है।


Download Android App
Download iOS App



