गुजरात : वडोदरा में रॉन्ग साइड से आ रहे ऑटो रिक्शा को कंटेनर ने टक्कर मारी, 7 लोगों की मौत

Summary :

गुजरात के वडोदरा में आज भीषण सड़क हादसा हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 दरजीपुरा वायुसेना स्टेशन के पास गलत साइड से आ रहे ऑटो रिक्शा को कंटेनर ने टक्कर मार दी।

गुजरात के वडोदरा में आज भीषण सड़क हादसा हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 दरजीपुरा वायुसेना स्टेशन के पास गलत साइड से आ रहे ऑटो रिक्शा को कंटेनर ने टक्कर मार दी। घटना में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं इतने ही लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा उस वक़्त हुआ जब सूरत से अहमदाबाद जा रहे एक ट्रेलर के चालक ने कार चालक को बचाने के प्रयास में स्टीयरिंग से नियंत्रण खो दिया। और तभी गलत साइड से आ रही 14 यात्रियों से भरे ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। पीएमओ की तरफ से किए गए ट्वीट के मुताबिक, पीएम मोदी ने मृतकों के प्रति दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए मुआवजे का ऐलान किया। PMNRF से मृतकों के परिजनों को  2 लाख रुपये और  घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।


घटना के बाद वायु सेना, पुलिस और दमकल विभाग सहित स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड और वायुसेना की टीम ने ट्रेलर को काटकर शवों को बाहर निकाला है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया।

Desk Team