आम आदमी पार्टी ने अहमदाबाद के आगामी नगर निगम चुनाव के लिए आठ सूत्री ‘गारंटी कार्ड’ जारी करते हुए इसमें प्रत्येक वार्ड में ‘दिल्ली मॉडल’ के आधार पर विद्यालय, मुफ्त इलाज के लिए मोहल्ला क्लीनिक की स्थापना तथा प्रदूषण मुक्त बसों के संचालन का वादा किया है।
आप ने अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के लिए 154 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। अरविंद केजरीवाल नीत पार्टी पहली बार गुजरात में स्थानीय निकाय की सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने बुधवार को अहमदाबाद के लिए ‘गारंटी कार्ड’ जारी किया है और इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कार, पार्किंग और यातायात, सांस्कृतिक, खेल जैसे क्षेत्रों में काम करने पर जोर दिया गया है।
पार्टी के अहमदाबाद जोनल के आयोजन सचिव हंसमुख पटेल ने संवाददाताओं को बताया कि पार्टी ने जो काम दिल्ली में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और खेल जगत के लिए किया है, वही काम वह अहमदाबाद नगर निगम के लिए करेगी।
छह नगर निगमों के लिए 21 फरवरी को चुनाव आयोजित होंगे तथा जिला पंचायत और तालुका पंचायत के लिए 28 फरवरी को चुनाव आयोजित होगा। वहीं पहले चरण के परिणाम की घोषणा 23 फरवरी और दो मार्च को दूसरे चरण के परिणाम की घोषणा होगी।


Download Android App
Download iOS App



