गुजरात में एक दिसंबर को 89 विधानसभा सीटों के लिए पहले चरण के लिए वोट डाले जाएंगे जिसके लिए आज शाम को चुनाव प्रचार थम गया। बता दें कि, एक दिसंबर को सौराष्ट्र की 54 और दक्षिण गुजरात की 35 सीटों पर मतदान होना है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा नेप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपमान का आरोप कांग्रेस पर लगाते हुए गुजरात की जनता से कांग्रेस को सबक सिखाने और कांग्रेस से बदला लेने की अपील कर अपना सबसे कारगर और असरदार चुनावी दांव खेल दिया है। इस बार भाजपा को यह दांव खेलने का मौका कांग्रेस के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रावण बोल कर थमा दिया है।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर किया पलटवार
पहले चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन खड़गे के बयान की आलोचना करते हुए भाजपा ने सोनिया गांधी के मौत के सौदागर से लेकर खड़गे के रावण तक के उन तमाम विवादित बयानों की याद दिला दी जो कांग्रेस के नेताओं ने समय-समय पर मोदी को लेकर दिया था। भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने मौत के सौदागर से लेकर रावण तक के बयान की याद दिलाते हुए आरोप लगाया कि, कांग्रेस लगातार गुजरात और उसके बेटे का अपमान करती रही। वहीं भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने खड़गे के बयान को सोनिया गांधी और राहुल गांधी का बयान बताते हुए गुजरात की जनता से चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाने और बदला लेने की अपील कर डाली।
कांग्रेस नेताओं के बयान को भाजपा ने हमेशा बनाया है बड़ा मुद्दा
बता दें कि, गुजरात का चुनावी इतिहास यह बताता है कि कांग्रेसी नेताओं के इस तरह के बयान को हमेशा भाजपा ने बड़ा मुद्दा बनाया है और जनता ने भाजपा को जीताकर उसके स्टैंड का समर्थन भी किया है। मंगलवार को भाजपा ने जिस तरह से रावण वाले बयान को जोर शोर से उठाकर कांग्रेस आलाकमान और गांधी परिवार पर निशाना साधा, उससे यह साफ-साफ नजर आ रहा है कि भाजपा इस बार के गुजरात विधान सभा चुनाव का इसे सबसे बड़ा मुद्दा और एजेंडा बनाने जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



