अहमदाबाद : गुजरात सरकार ने शुक्रवार को बड़ी फेरबदल करते हुए 78 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिये और प्रतिनियुक्ति पर भारतीय विदेश सेवा की एक अधिकारी को औद्योगिक विस्तार ब्यूरो में नियुक्ति दी गयी है।
जिन प्रमुख अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, उनमें सामान्य प्रशासन विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव संगीता सिंह का नाम शामिल है जिन्हें अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) बनाकर भेजा गया है। वह ए एम तिवारी की जगह लेंगी जो सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
संगीता सिंह की जगह सामान्य प्रशासन विभाग में कमल कुमार दयानी को लाया गया है जो इस समय खाद्य, नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामलों के विभाग में प्रधान सचिव हैं।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव पूनमचंद परमान को अब कृषि, कृषक कल्याण तथा सहकारिता विभाग में इसी पद पर भेजा गया है।
जल आपूर्ति विभाग के प्रधान सचिव जे पी गुप्ता का तबादला मुख्य राज्य कर आयुक्त, अहमदाबाद के तौर पर किया गया है। वहीं भूगर्भ और खनन आयुक्त रूपवंत सिंह को वित्त विभाग में व्यय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
राज्य में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत भारतीय विदेश सेवा की 2009 बैच की अधिकारी नीलम रानी को गांधीनगर में औद्योगिक विस्तार ब्यूरो का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वह इससे पहले अहमदाबाद में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी के रूप में कार्यरत थीं।
इन अधिकारियों के अलावा कुछ जिला कलेक्टरों और सहायक कलेक्टरों के भी तबादले किये गये हैं।


Download Android App
Download iOS App



