सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस, दोनो के लिए प्रतिष्ठा का जंग बने गुजरात के जसदण विधानसभा उपचुनाव की मतगणना आज हो रही है और शुरूआती रूझानो में भाजपा के प्रत्याशी और राज्य सरकार के मंत्री कुंवरजी बावलिया छठे राउंड के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अवसर नाकिया से 10, 400 से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं। गत 20 दिसंबर को हुए उपचुनाव में 71़. 23 प्रतिशत मतदान हुआ था। 9 दिसंबर 2017 को हुए पिछले चुनाव में 73़. 44 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के गृह जिले राजकोट की इस सीट के निर्वाचन अधिकारी अमित एच चौधरी ने बताया कि मॉडल स्कूल में आज सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। इसके कुल 19 राउंड अथवा चक्र होंगे। दोपहर 12:30 बजे तक नतीजा आ जाने की उम्मीद है। जसदण में भाजपा के प्रत्याशी तथा राज्य सरकार के मंत्री कुंवरजी बावलिया तथा कांग्रेस के अवसर नाकिया समेत कुल आठ प्रत्याशी मैदान में हैं।
इनमें तीन अन्य पंजीकृत दलों के और इतने ही निर्दलीय है। यहां 2,32,616 मतदाताओं के लिए कुल 159 स्थानों पर 265 बूथ बनाये गए थे जिनमें से 72 संवेदनशील थे। ज्ञातव्य है कि यह उपुचनाव इस सीट पर पांच बार विधायक रहे कांग्रेस के पूर्व नेता कुंवरजी बावलिया के गत जुलाई माह में पार्टी तथा इस सीट से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के कारण हो रहा है। वह इस बार भाजपा के प्रत्याशी हैं।
मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी बावलिया और उनके राजनीतिक शिष्य रहे नाकिया के बीच माना जा रहा है। दोनो इस सीट पर सबसे अधिक आबादी वाली कोली जाति के हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर बाबलिया ने भाजपा के तत्कालीन प्रत्याशी भरत बोघरा को 9277 मतों से पराजित किया था।


Download Android App
Download iOS App




