गुजरात की नई कैबिनेट का आज हो सकता है गठन, नए चेहरों को मिल सकती है जगह

Summary :

गुजरात में नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति के बाद अब राज्य कैबिनेट के गठन को लेकर अटकलें तेज है। जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में नई सरकार के अंदर नए चेहरों को जगह मिल सकती है।

गुजरात में नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति के बाद अब राज्य कैबिनेट के गठन को लेकर अटकलें तेज है। जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में नई सरकार के अंदर नए चेहरों को जगह मिल सकती है। वहीं चर्चा है कि कैबिनेट में 21 से 22 मंत्रियों को आज मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है।
जानकारी के अनुसार, सभी विधायकों को गांधी नगर बुलाया गया है। नई कैबिनेट में नए चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी और महिलाओं की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में कुछ पुराने मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर किया जा सकता है। कहा जा रहा है कि दिसंबर 2022 में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी ने यह बदलाव किए हैं। 

शिवसेना का BJP पर तंज, कहा- गुजरात मॉडल का गुब्बारा बुलबुले की तरह फूट गया

भूपेंद्र पटेल पाटीदार समुदाय से आते हैं। मंगलवार को बीजेपी गुजरात इकाई के प्रवक्ता यमल व्यास ने कहा था कि प्रक्रिया के तहत मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में उनके नामों की घोषणा की जाएगी। वहीं उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को नई कैबिनेट में रखा जाएगा या नहीं, इसको लेकर पार्टी में अटकलें लगायी जा रही हैं। 
नितिन पटेल विजय रूपाणी के नेतृत्व वाले कैबिनेट में उप मुख्यमंत्री थे। साथ ही रूपाणी मंत्रिमंडल में वरिष्ठ मंत्री भूपेंद्रसिंह चूडास्मा, आर सी फालदू और कौशिक पटेल को नये मंत्रिमंडल में बनाए रखने को लेकर भी अटकलें लगायी जा रही हैं। पार्टी सूत्रों ने कहा कि जहां तक ​​संभव होगा, वरिष्ठ नेताओं को कैबिनेट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

Desk Team