अहमदाबाद : गुजरात कांग्रेस के नेता और पाटीदार आरक्षण आंदोलन की अगुवाई करने वाले हार्दिक पटेल का 18 जनवरी से कोई अता पता नहीं है। उन्हें 18 जनवरी को राजद्रोह के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पटेल की पत्नी किन्जल ने सोमवार को यह दावा किया।
पटेल को सुनवाई के दौरान पेश नहीं होने के बाद अदालत की ओर से जारी गैर जमानती वारंट पर 18 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया गया था। पटेल 2015 में पाटीदार आरक्षण आंदोलन से संबंधित राजद्रोह के मामलों का सामना कर रहे हैं। उन्हें चार दिन बाद जमानत दे दी गई थी लेकिन पाटन और गांधीनगर जिलों में दर्ज दो मामलों के संबंध में उन्हें फिर से हिरासत में ले लिया गया था। पटेल को 24 जनवरी को इन दोनों मामलों में जमानत मिल गई थी।
निचली अदालत ने एक बार फिर सुनवाई के दौरान हाजिर नहीं होने पर सात फरवरी को गैर जमानती वारंट जारी कर दिया था। पाटीदार आरक्षण के नेताओं की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में किन्जल ने कहा, “ हार्दिक पटेल को 18 जनवरी को गिरफ्तार किए जाने के बाद से उनका पता नहीं है। हमें नहीं पता है कि वह कहां हैं, लेकिन पुलिस बार-बार आकर हम से उनका पता पूछती है। ”


Download Android App
Download iOS App



