नयी दिल्ली : केन्द्र सरकार ने देश भर में विभिन्न स्थानों पर कार्यरत बाबुओं के लिए ‘समकालीन विश्व में महात्मा गांधी की प्रासंगिकता’ विषय पर ऑनलाइन प्रशिक्षण कोर्स शुरू किया है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, पाठ्यक्रम में आचार और नैतिकता, अहिंसा और शांतिपूर्ण आंदोलन विषयों को शामिल किया गया है।
उसमें कहा गया है, ‘‘पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अधिकारियों को महात्मा गांधी के सिद्धांतों और 21वीं सदी में रोजमर्रा के प्रशासनिक मामलों में उनकी प्रासंगिकता और महत्व का ज्ञान हो जाएगा।’’ यह पाठ्यक्रम कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के ‘समेकित सरकारी ऑनलाइन प्रशिक्षण (आईजीओटी) के तहत शुरू किया गया है।
‘समकालीन विश्व में गांधी की प्रासंगिकता’ विषय पर ऑनलाइन पाठ्यक्रम को केन्द्र ने इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय के ‘सेन्टर फॉर गांधी एंड पीस स्टडीज और गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति, राजघाट की मदद ली है। आदेश के अनुसार, यह पाठ्यक्रम कुल 12 इकाइयों का है और चार-चार इकाई के तीन मॉड्यूल में बंटा हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



