उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया कि राज्य को कोविड-19 की वैक्सीन की उपलब्धता के लिए अगले साल होने वाले हरिद्वार कुंभ को भी ध्यान में रखा जाए।
प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ कोविड के प्रभावी नियंत्रण के संबंध में बैठक में मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि अगले साल जनवरी से अप्रैल तक हरिद्वार में कुम्भ का आयोजन होना है जिसमें भारी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस बल एवं हेल्थ वर्कर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य को वैक्सीन की उपलब्धता के लिए हरिद्वार कुंभ को भी ध्यान में रखना जरूरी है। यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, महामारी की वैक्सीन जल्द ही बनने की उम्मीद जाहिर करते हुए रावत ने कहा कि राज्य सरकार के स्तर पर टीकाकरण के लिए प्राथमिकताएं तय करने के लिए सुनियोजित तरीके से रणनीति बनायी जा रही है।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए राज्य स्तर पर कमेटी और जिला स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया गया है और इनकी लगातार बैठकें भी हो रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



