कश्मीर घाटी में कम से कम पांच दिन भारी बर्फबारी हो सकती है, जिसकी शुरुआत शनिवार से होने के आसार हैं और इससे हवाई और जमीनी यातायात पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बुधवार को यह कहा।
जम्मू एवं कश्मीर के मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा, ‘जम्मू एवं कश्मीर में 19 जनवरी से तुलनात्मक रूप से तीव्र पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और यह 23 जनवरी तक बना रहेगा और 22 जनवरी को चरम पर रहेगा।’ उन्होंने कहा, ‘इस दौरान घाटी में सामान्य से लेकर भारी बर्फबारी होने की संभावना है।’ उन्होंने लोगों को खुद को गर्म रखने, बर्फ के अनुकूल जूते पहनने, खाने-पीने और अन्य जरूरी चीजों को साथ रखने की सलाह दी क्योंकि बर्फबारी से आम जनजीवन पर असर पड़ने की आशंका है।
घाटी में पहले से ही बदली छाई हुई है। श्रीनगर में तापमान शून्य से 2.1 डिग्री नीचे, पहलगाम में शून्य से 4.2 डिग्री नीचे और गुलमर्ग में शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ।
रात भर बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में कुछ सुधार देखने को मिला है। लद्दाख क्षेत्र के द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से 16.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मंगलवार को इसका अधिकतम तापमान शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ था। जम्मू शहर में तापमान 6.2 डिग्री, कटरा में सात डिग्री, बटोटे में 3.1 डिग्री, बनिहाल में 1.6 डिग्री और भदरवाह में 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


Download Android App
Download iOS App



