जम्मू एवं कश्मीर में हुए अबतक के सबसे बड़े आतंकी हमले में शहीद सैनिकों के प्रति शोक जाहिर करने के बाद शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शोक प्रस्ताव लाने के बाद कांस्टेबल तिलक राज के परिजनों के लिए 20 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की। पुलवामा में गुरुवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काफिले पर आतंकी हमले में शहीद हुए 45 जवानों में कांगड़ा निवासी कांस्टेबल तिलक राज भी थे।
ठाकुर ने आतंकवादी हमले को दुर्भाग्यपूर्ण और कायरतापूर्ण हरकत बताते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आतंकी हमले के बाद राज्य, विशेष रूप से जम्मू एवं कश्मीर की सीमा से लगने वाले चंबा और कांगड़ा जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार को विपक्ष के पूरे सहयोग का वादा किया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।


Download Android App
Download iOS App



