हिमाचल प्रदेश के चंबा में बादल फटने से एक की मौत, वीडियो में देखें तबाही का मंजर

Summary :

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में कम से कम दो गांव में बादल फटने की घटनाएं हुईं, जिसमें 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई और कुछ मकानों को खाली कराना पड़ा।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। प्रदेश के चंबा जिले में कम से कम दो गांव में बादल फटने की घटनाएं हुईं, जिसमें 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई और कुछ मकानों को खाली कराना पड़ा। बारिश संबंधित घटनाओं के चलते प्रदेशभर में 81 सड़कें अवरूद्ध, 79 बिजली ट्रांसफार्मर ठप और 13 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। 
चंबा जिला आपात अभियान केंद्र (डीईओसी) ने कहा कि भडोगा और खंडवा गांवों में बीती रात अचानक भारी बारिश हुई। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा कि भडोगा में विजय कुमार (15) की मौत हो गई जबकि कुछ लोग घायल हो गए। 


खंडवा में शालेई खंडवा नाले पर बने पीडब्ल्यूडी के पुल और कृषि भूमि को नुकसान हुआ है। इस बीच, विभाग ने कहा कि पानी का प्रवाह बहुत ज्यादा होने के कारण पास के गुलेल गांव में पांच मकानों को खाली करा लिया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। 

भूस्खलन के कारण चंबा में थम गई वाहनों की रफ्तार
भरमौर-हड़सर मार्ग पर प्रंघाला के पास पहाड़ी से चट्टान गिरने से पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। भरमौर-हड़सर हाईवे बग्गा के पास भारी भूस्खलन से बाधित है। चंबा जिले के 32 सड़क मार्गों पर भूस्खलन से वाहनों की रफ्तार थम गई है। सलूणी क्षेत्र में पुल और घराट बह गए हैं। प्रशासन ने कई मकान खाली करवाए हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। 

Desk Team