मध्यप्रदेश के इंदौर में रसोई गैस के घरेलू और वाणिज्यिक सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को इन सिलेंडरों को श्रद्धांजलि अर्पित करके विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि शहर कांग्रेस कार्यालय के सामने जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस के घरेलू और वाणिज्यिक सिलेंडरों पर फूल माला चढ़ाई और वे गमगीन मुद्रा में इनके आगे हाथ जोड़कर खड़े हो गए। बता दें कि कल रसोई गैस सिलेंडरों दामों में बढ़ोतरी हुई थी, जनता ने दाम बढ़ने पर नाराजगी जाहिर की थी, उनका कहना है कि बढ़ते दामों की वजह से उनका घर चलाना काफी मुश्किल हो रहा है। वहीं इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया था।

महंगाई के बोझ से आम जनता परेशान
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे ऐसा करके गैस सिलेंडरों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं क्योंकि भाजपा के राज में बेहद महंगे होने के कारण ये सिलेंडर आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। प्रदर्शन में शामिल स्थानीय कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के केंद्र की सत्ता में आने के बाद से देश में आम जरूरत की हर वस्तु महंगी हो रही है।
कितने रुपये हुआ महंगा सिलेंडर
उन्होंने कहा, अब रसोई गैस के घरेलू सिलेंडर और वाणिज्यिक सिलेंडर पर क्रमशः 50 रुपये और 350 रुपये की मूल्यवृद्धि की गई है जिससे आम आदमी की कमर टूट गई है।



Download Android App
Download iOS App



