‘मुझे, मम्मी और पापा को दवा खिलाकर किया बेहोश, फिर बांध दिए हाथ…’, पूजा खेडकर ने अपनी नौकरानी पर लगाया चोरी का आरोप

Summary :

IAS Puja Khedkar House Theft: IAS पद से हटाई जा चुकीं पूजा खेडकर एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। इस बार उन्होंने अपनी नौकरानी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूजा खेडकर का कहना है कि उनके घर में काम करने वाली नौकरानी ने उन्हें और उनके माता-पिता को नशीली दवा देकर बेहोश कर दिया और इसके बाद घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गई। इस कथित घटना की सूचना उन्होंने शनिवार रात पुणे पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। IAS Puja Khedkar House Theft: बानेर रोड स्थित बंगले में…

IAS Puja Khedkar House Theft: IAS पद से हटाई जा चुकीं पूजा खेडकर एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। इस बार उन्होंने अपनी नौकरानी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूजा खेडकर का कहना है कि उनके घर में काम करने वाली नौकरानी ने उन्हें और उनके माता-पिता को नशीली दवा देकर बेहोश कर दिया और इसके बाद घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गई। इस कथित घटना की सूचना उन्होंने शनिवार रात पुणे पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

IAS Puja Khedkar House Theft: बानेर रोड स्थित बंगले में हुई घटना

पूजा खेडकर ने पुलिस को बताया कि यह घटना पुणे के बानेर रोड स्थित उनके पारिवारिक बंगले में देर रात हुई। उनके अनुसार, हाल ही में रखी गई नौकरानी, जो नेपाल की रहने वाली बताई जा रही है, उसने खाने या किसी अन्य माध्यम से उन्हें, उनकी मां मनोरमा खेडकर और पिता दिलीप खेडकर को नशीला पदार्थ दे दिया। इसके कारण तीनों बेहोश हो गए। आरोप है कि इसके बाद नौकरानी ने तीनों को बांध दिया और मोबाइल फोन सहित कुछ कीमती सामान लेकर मौके से फरार हो गई।

IAS Puja Khedkar House Theft (Photo: Social media)
IAS Puja Khedkar House Theft (Photo: Social media)

Puja Khedkar House Help: खुद को छुड़ाकर पुलिस को दी सूचना

पूजा खेडकर का दावा है कि होश में आने के बाद उन्होंने किसी तरह खुद को बंधन से मुक्त किया। इसके बाद उन्होंने घर में मौजूद एक अन्य फोन का इस्तेमाल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी और मौके की स्थिति को समझने की कोशिश की। हालांकि, अब तक पुलिस को चोरी गए सामान की पूरी सूची नहीं मिल पाई है।

IAS Puja Khedkar News: लिखित शिकायत और जनकारी का इंतजार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूजा खेडकर ने फिलहाल केवल फोन पर घटना की जानकारी दी है। अभी तक उन्होंने थाने में जाकर लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इसके अलावा, चोरी हुए सामान के बारे में भी कोई विस्तृत विवरण पुलिस को नहीं सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत और सटीक जानकारी मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई को स्पष्ट रूप से बढ़ाया जा सकेगा।

IAS Puja Khedkar House Theft (Photo: Social media)
IAS Puja Khedkar House Theft (Photo: Social media)

पहले से विवादों में रहा है खेडकर परिवार

गौरतलब है कि पूजा खेडकर का नाम पहले भी कई विवादों से जुड़ा रहा है। फर्जी दस्तावेजों के आरोपों के चलते उन्हें आईएएस की नौकरी से बर्खास्त किया जा चुका है। उन पर आरोप है कि उन्होंने 2022 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में आरक्षण का लाभ लेने के लिए आवेदन के दौरान जरूरी तथ्यों को छुपाया। हालांकि, पूजा खेडकर ने इन सभी आरोपों को खारिज किया है। इसके अलावा, खेडकर दंपति के खिलाफ पिछले साल नवी मुंबई में एक और मामला दर्ज हुआ था, जिसमें सड़क पर हुए झगड़े के बाद एक ट्रक चालक के कथित अपहरण का आरोप शामिल है।

IAS Puja Khedkar House Theft (Photo: Social media)
IAS Puja Khedkar House Theft (Photo: Social media)

जांच में जुटी पुणे पुलिस

फिलहाल पुणे पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से जांच रही है। पुलिस घरेलू सहायिका की पहचान, उसके काम पर रखने की प्रक्रिया और घटना के समय की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घटना के पीछे की सच्चाई क्या है।

यह भी पढ़ें: ‘स्ट्रेचर पर पत्नी, गोद में 8 घंटे पहले जन्मी मासूम बेटी…’, तिरंगे में लिपटे शहीद पापा को ऐसे दी अंतिम विदाई, रो पड़ा पूरा गांव

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।