मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण निरंतर कम हो रहा है। प्रदेश की औसत साप्ताहिक कोरोना संक्रमण दर (पॉजिटिविटी रेट) 21.3 प्रतिशत रह गई है, जो कि राष्ट्रीय औसत के बराबर है।
उन्होंने कहा कि संक्रमण के नए मामलों की तुलना में हमारी रिकवरी रेट निरंतर बढ़ रही है, जिससे उपचाराधीन मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। चौहान ने निर्देश दिया, ‘‘जिन जिलों में संक्रमण दर अधिक है वहाँ विशेष ध्यान दिया जाए।
कोरोना कर्फ्यू को और प्रभावी बनाया जाए तथा घर-घर गहन सर्वे कर एक-एक मरीज की पहचान कर उपचार किया जाए।’’ उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए यह बात कही।
कॉन्फ्रेंस में सभी जिलों से प्रभारी मंत्री, कोरोना के प्रभारी अधिकारी तथा सभी संबंधित लोग उपस्थित थे। चौहान ने निर्देश दिया कि संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रभारी अधिकारी अपने-अपने जिलों का दौरा कर वहाँ सारी व्यवस्थाएँ देखें, संक्रमण को सख्ती से रोकें और इलाज की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि विधानसभा चुनावों के बाद बंगाल, तमिलनाडु आदि से लौट रहे राज्य पुलिस के जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए और संक्रमित हों उनका उचित इलाज कराया जाए।


Download Android App
Download iOS App



