महाराष्ट्र की महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार पर विपक्ष लगातार हमला करता है, लेकिन एमवीए गठबंधन मजबूती से टिका हुआ है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने यहां सोमवार को कहा कि शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में मिलकर महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार चला रही हैं। पवार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल के इस बयान के जवाब में यह टिप्पणी कि एमवीए सरकार राकांपा चला रही है।
इसमें ठाकरे की भूमिका अहम है
पवार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘महा विकास अघाड़ी में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में हम सभी मिलकर सरकार चला रहे हैं। इसमें ठाकरे की भूमिका अहम है। राकांपा और कांग्रेस उन्हें सहयोग दे रहे हैं।’’ पवार ने संवाददाताओं से भाजपा सांसद सुजय विखे पाटिल के इस कथित बयान को ‘‘अधिक तवजजो’’ नहीं देने को कहा कि एमवीए गठबंधन ऐसे विवाह की तरह है, जिसमें राकांपा पति है, शिवसेना चुप रहने वाली पत्नी है और कांग्रेस बिन बुलाई मेहमान है। पवार ने कहा कि जिनके पास करने के लिए कोई बेहतर काम नहीं होता, वे इस प्रकार के बयान दे रहे हैं। उन्होंने मीडिया से इसके बजाय राज्य सरकार के फैसलों को महत्व देने को कहा।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका की स्थायी समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव के खिलाफ जांच कर रहे आयकर विभाग को ‘मातोश्री’ को दो करोड़ रुपए के उपहार दिए जाने की प्रविष्टि संबंधी एक डायरी मिलने की मीडिया रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर पवार ने कहा कि कई लोग अपनी मां को मातोश्री कहते हैं। जाधव ने भी अपने बचाव में कहा है कि प्रविष्टि में ‘मातोश्री’ का मतलब उनकी मां से है, लेकिन उनके विरोधियों का कहना है कि मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास का भी नाम भी ‘मातोश्री’ है।


Download Android App
Download iOS App



