हरिद्वार : शहर के ढाई सौ विक्रम चालकों ने निजी बस संचालकों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। आरोप है कि निजी बस चालकों ने शनिवार को तीन विक्रम चालकों के साथ मारपीट की। साथ ही इन निजी बसों का संचालन नियम विरुद्ध किया जा रहा है। विक्रम चालकों ने पहले तो गंगनहर कोतवाली में तहरीर दी। इसके बाद एसडीएम चौक पर प्रदर्शन किया।
शनिवार को निजी बस चालकों ने सवारी बैठाने के दौरान रुड़की के तीन विक्रम चालकों भूरा, कुर्बान और शमीम के साथ रामपुर चुंगी के समीप मारपीट कर दी। रात को हंगामा भी हुआ। सुबह शहर से भगवानपुर के बीच संचालित होने वाले ढाई सौ विक्रम चालकों ने विक्रमों का संचालन बंद कर दिया। विक्रम चालक संघ के अध्यक्ष देशराज सैनी के नेतृत्व में सैकड़ों विक्रम संचालक पहले तो गंगनहर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।
इसके बाद एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अध्यक्ष देशराज सैनी ने कहा कि निजी बसें सहारनपुर से रुड़की के बीच संचालित हो रही है। इन बसों का रूट दूसरा है। लेकिन यह बसें राजमार्ग से संचालित हो रही हैं। हर दिन विक्रम चालकों के साथ मारपीट की घटनाएं आम हो रही है।
इसलिए जब तक इन निजी बसों का संचालन नहीं किया जाता है, तब तक वह हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग ही बसों का संचालन कर रहा है। इस अवसर पर सलमान मलिक, कुर्बान, शकील, सलमान, राजू, अनीश, मोनू आदि मौजूद रहे।
– संजय चौहान


Download Android App
Download iOS App



