करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने मशहूर रैपर एमसी स्टैन के इंदौर में शुक्रवार रात आयोजित कार्यक्रम में यह आरोप लगाते हुए हंगामा किया कि वह अपने गानों में गालियों का इस्तेमाल करते हुए युवाओं के बीच अश्लीलता फैला रहे हैं।चश्मदीदों ने बताया कि लसूड़िया क्षेत्र के एक होटल में हुए हंगामे के बाद आयोजकों को खुले आकाश तले हो रहा यह कार्यक्रम बीच में ही रोकना पड़ा, जिससे रियल्टी टीवी शो ‘बिग बॉस’ के 16वें संस्करण के विजेता रैपर को देखने-सुनने आए उनके प्रशंसकों में खासी नाराजगी देखी गई।
युवाओं के बीच अश्लीलता फैला रहे
चश्मदीदों के मुताबिक, पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों पर हल्का लाठीचार्ज कर काबू पाया।करणी सेना के जिलाध्यक्ष अनुराग प्रताप सिंह राघव ने शनिवार को कहा,‘‘एमसी स्टैन अपने गानों में गालियों का इस्तेमाल करते हुए युवाओं के बीच अश्लीलता फैला रहे हैं। इसके मद्देनजर हमने कार्यक्रम आयोजकों, होटल प्रबंधन और पुलिस-प्रशासन को पहले ही सूचना दे दी थी कि अगर स्टैन ने इंदौर में अपनी प्रस्तुति के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, तो करणी सेना उन्हें जूते मारेगी।’’
गाली का प्रयोग और अभद्र भाषा वाले गाने गाए
राघव ने आरोप लगाया कि स्टैन ने इंदौर में अपनी प्रस्तुति के दौरान युवा दर्शकों के सामने गंदी गाली का प्रयोग किया और अभद्र भाषा वाले गाने गाए।उन्होंने दावा किया कि स्टैन द्वारा अपनी प्रस्तुति के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल के बाद करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाला, जिससे रैपर को मौके से तुरंत रवाना होना पड़ा।इस बीच, हंगामे के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें करणी सेना के कार्यकर्ता स्टैन की रवानगी के बाद उनके कार्यक्रम के खाली मंच पर चढ़कर इस पर एक तरह से कब्जा करते दिखाए दे रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



