बॉडी बिल्डर और इंस्टाग्राम इंफ्लूएंसर बॉबी कटारिया का देहरादून-मसूरी मार्ग के बीचोबीच कुर्सी डालकर शराब पीने का एक वीडियो वायरल होने के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
विमान में धूम्रपान करते हुए बॉबी का वीडियो हुआ वायरल
हाल ही में कटारिया के इंस्टाग्राम पर अपलोड एक वीडियो में बैकग्राउंड में ‘रोडस अपने बाप की’ के बोल वाला एक गाना भी बजता सुनाई दे रहा है।गौरतलब है कि कटारिया पहले से ही अपने एक पुराने वीडियो को लेकर विवाद में हैं, जिसमें वह स्पाइस जेट के एक विमान में धूम्रपान करते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को जांच के आदेश दिए थे।
अब सड़क के बीच बैठकर शराब पीने का वीडियो सामने आने के बाद उससे नाराज स्थानीय लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘देवभूमि’ उत्तराखंड की संस्कृति के साथ खिलवाड़ बताया है।
उत्तराखंड पुलिस ने दर्ज किया मामला
.@uttarakhandcops #OperationMaryada मुहिम के तहत लंबे समय से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने व हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर रही है
बॉबी कटारिया के खिलाफ कानून की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक कार्यवाही की जाएगी#UKPoliceZeroTolerance pic.twitter.com/E3HcocGQAK
— Ashok Kumar IPS (@AshokKumar_IPS) August 12, 2022
पुलिस ने बताया कि कटारिया के खिलाफ देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र में भारतीय दंड विधान की धारा 290 (सार्वजनिक उपद्रव करने), 510 (सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने) , 336 (इंसानी जिंदगी या दूसरों की निजी सुरक्षा को खतरे में डालने) और 342 (किसी व्यक्ति को गलत ढंग से रोकना) तथा सूचना प्रोद्यौगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने एक ट्वीट में कहा है, ‘‘ऑपरेशन ‘मर्यादा मुहिम’ के तहत लंबे समय से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने व हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही हो रही है। बॉबी कटारिया के खिलाफ कानून की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।’’
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी दिए जांच के आदेश
इंस्टाग्राम पर 6.3 लाख फॉलोवर्स वाले कटारिया का इससे पहले स्पाइस जेट के एक विमान पर सिगरेट जलाते वीडियो प्रसारित हुआ था। गौरतलब है कि यात्रियों को विमान में न तो लाइटर ले जाने और न ही सिगरेट पीने की इजाजत होती है।
इस संबंध में स्पाइस जेट ने कहा था कि सिगरेट पीने की यह घटना 20 जनवरी को दुबई-दिल्ली की उड़ान में उस समय हुई थी जब यात्री विमान में सवार हो रहे थे और केबिन-क्रू के सदस्य उड़ान शुरू होने की प्रक्रिया पूरी करने में व्यस्त थे।
जांच के बाद स्पाइस जेट ने कटारिया को 15 दिन के लिए ‘नो फलाइंग सूची’ में डाल दिया था।
बृहस्पतिवार को जब घटना का वीडियो टिवटर पर डाला गया तो सिंधिया ने उस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘इसकी जांच की जा रही है। ऐसे खतरनाक व्यवहार के लिए कोई सहनशीलता नहीं है।’’


Download Android App
Download iOS App



