शिवसेना के एक नेता ने भाजपा महासचिव राम माधव के बयान को दोहराया है कि भाजपा लोकसभा में पूर्ण बहुमत नहीं पा सकेगी और उसे अगली सरकार के गठन के लिए सहयोगियों पर निर्भर रहना होगा। शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि भाजपा के लिए 280 सीट के आंकड़े पर पहुंच पाना ”थोड़ा मुश्किल” दिख रहा है जैसा कि वह 2014 के चुनावों में कर पाई थी।
राउत ने कहा, ”राम माधव ने जो कहा वह सही है। राजग अगली सरकार बनाएगी। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी होगी। फिलहाल, भाजपा के लिए अपने दम पर 280-282 के आंकड़े तक पहुंच पाना मुश्किल दिख रहा है लेकिन हमारा राजग ”परिवार” बहुमत के आंकड़े को पार कर जाएगा।”
बुर्के पर प्रतिबंध की मांग शिवसेना या उद्धव ने नहीं की : राउत
राउत ने मंगलवार को कहा कि अगर नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बनते हैं तो शिवसेना को खुशी होगी। राउत ने कहा, ”मैं राम माधव के बयान का स्वागत करता हूं और शिवसेना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा होगी। हमें खुशी होगी अगर मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनते हैं।”
उद्धव ठाकरे नीत पार्टी के निवर्तमान लोकसभा में 18 सदस्य हैं और वह भाजपा की बड़ी सहयोगी है। यह महाराष्ट्र में भाजपा नीत सरकार का भी हिस्सा है। राम माधव ने पिछले हफ्ते कहा था कि लोकसभा चुनावों के बाद भाजपा को अगली सरकार बनाने के लिए सहयोगियों के समर्थन की जरूरत होगी। माधव ने कहा था, ”अगर हम अपने दम पर 271 सीटें ला पाएं तो हम बहुत खुश होंगे।” साथ ही उन्होंने कहा था, ”राजग के साथ हम आसानी से बहुमत हासिल करेंगे।”


Download Android App
Download iOS App




