कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने सोमवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी का विकल्प ढूंढ़ना मुश्किल है और कांग्रेस उनके पदत्याग का जोखिम नहीं उठा सकती। गांधी ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद 25 मई को पार्टी कार्यसमिति की बैठक में अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी।
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस के लिए गांधी का पद पर बने रहना ही एक विकल्प है, पूर्व विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘मैं यकीनन ऐसा मानता हूं।’’ खुर्शीद ने पीटीआई से कहा, ‘‘मैं मानता हूं कि पार्टी ढांचे में बहुत सी चीजें हैं, हम इसे अंतर्निहित कहें या ऐतिहासिक कहें कि उनकी (राहुल) मौजूदगी अत्यंत आवश्यक है, उनका विकल्प ढूंढ़ना असंभव नहीं तो बहुत मुश्किल जरूर है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी जो महसूस करते हैं, वह उसका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यही उम्मीद करता हूं कि जो चीज सभी कार्यकर्ता और अनुयायी (जो उन्हें पद पर बरकरार देखना चाहते हैं) महसूस करते हैं, वह (राहुल) उसका सम्मान करेंगे। हम मानते हैं कि उनके लिए यह बहुत ही मुश्किल, जटिल निर्णय होगा, लेकिन मैं निश्चित तौर पर अपील करूंगा कि वह पद पर बने रहें और हम अपनी समस्याओं का समाधान ढूंढ़ें।’’


Download Android App
Download iOS App



