भाजपा पर हमला करते हुए समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने सोमवार को कहा कि बंगालियों को ‘धमकाकर’ कोई भी कभी कामयाब नहीं हुआ है। जानी-मानी अभिनेत्री ने यहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सराहना की और कहा कि वह बंगाल में लोकतंत्र के लिए अकेले लड़ाई लड़ रही हैं।
बच्चन ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर पश्चिम बंगाल में तृणमूल के लिए प्रचार करने आई हैं। उन्होंने कहा, “ममता अत्याचारों के खिलाफ और बंगाल के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए अकेले लड़ रही हैं। उनका पैर टूट गया है, लेकिन वह फिर भी लड़ रही हैं।” भाजपा पर परोक्ष निशाना साधते हुए बच्चन ने कहा कि बंगालियों को ‘धमकाकर’ कोई भी कभी कामयाब नहीं हुआ है।
बच्चन ने कहा कि बनर्जी की आलोचना करने वालों को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा, “ वह बंगाल के लोगों के अधिकारों और सम्मान के लिए लड़ रही हैं। यह महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित राज्य है। जो उनकी आलोचना करते हैं, उनके लिए मैं सिर्फ यह कहना चाहूंगी, शर्म करो, शर्म करो!”


Download Android App
Download iOS App



