कोरोना वायरस : जयंत पाटिल ने लोगों से की अपील, कहा- जनता कर्फ्यू का करें पालन

Summary :

पाटिल ने ट्वीट कर कहा कि “मैं कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील का समर्थन करता हूं और एकजुट राष्ट्र के रूप में हम सभी को 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक इसका पालन करना चाहिए।”

महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री और राकांपा नेता जयंत पाटिल ने शुक्रवार को कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई ‘जनता कर्फ्यू’ की अपील का समर्थन करते हुए लोगों से इसका पालन करने का आग्रह किया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा विश्व कोरोना वायरस (कोविड-19) के संकट के दौर से गुजर रहा है और कोरोना ने मानव जाति को संकट में डाल दिया है।
प्रधानमंत्री ने 22 मार्च को रविवार को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक लोग जनता कर्फ्यू का पालन करने और इस दौरान अपने घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमण के 52 मामलों की पुष्टि हो चुकी है जो देश में सबसे अधिक है।

पाटिल ने ट्वीट कर कहा कि “मैं कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील का समर्थन करता हूं और एकजुट राष्ट्र के रूप में हम सभी को 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक इसका पालन करना चाहिए। कृपया यह संदेश सभी में फैलाएं और आइए हम सब साथ मिलकर कोरोना वायरस को हराते हैं।”

वहीं राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने ट्वीट कर इस वैश्विक महामारी को लेकर एहतियाती उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “संदिग्ध संक्रमण वाले व्यक्ति की देखभाल कर रहे स्वस्थ व्यक्ति को भी मास्क पहनना चाहिए और उन्हें पता होना चाहिए कि मास्क का उपयोग और निपटान कैसे करना है। अगर आपको खांसी या छींक आ रही है तो मास्क पहनें। मास्क तभी प्रभावी हैं जब इन्हें अल्कोहल वाले हैंडवाश या साबुन से लगातार साफ किए जा रहे हाथों से पहना जाए और साबुन और पानी का उपयोग कर इनकी (मास्क की) सफाई की जाए।”

Desk Team