झारखंड विधानसभा चुनाव: तीसरे चरण में 17 सीटों पर वोटिंग जारी, दोपहर 1 बजे तक 45.14 प्रतिशत मतदान

Summary :

झारखंड विधानसभा चुनावों के तीसरे चरण में अधिकतर गैर आदिवासी शहरी इलाकों की 17 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से बृहस्पतिवार सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हो गया।

 झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में अधिकतर गैर आदिवासी शहरी इलाकों की 17 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार दोपहर एक बजे तक 45.14 प्रतिशत मतदान हुआ। इस चरण में 56 लाख से अधिक मतदाता 309 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चाौबे ने बताया कि सभी 17 सीटों पर दोपहर एक बजे तक से 45.14 प्रतिशत मतदान हुआ है और कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की खबर नहीं है। 
उन्होंने बताया कि दोपहर एक बजे तक कोडरमा में 43.26 , बरकट्ठा में 47.00, बरही में 52.30, बड़कागांव में 44.32, रामगढ़ में 46.10, मांडू में 47.10, हजारीबाग में 39.00, सिमरिया में 49.58, धनवार में 48.64, गोमिया में 51.48, बेरमो में 45.04, ईचागढ़ में 56.01, सिल्ली में 54.52, खिजरी में 52.49, रांची में 30.61, हटिया में 33.25 और कांके में 41.35 प्रतिशत मतदान हुआ है।  
सबसे पहले मतदान करने वालों में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और रांची की झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी महुआ माझी शामिल थीं। धनवार में झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सुबह ही वोट डाल दिया। चुनाव आयोग ने इन सीटों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने के लिए सारी तैयारियां की हैं तथा मतदान के लिए लगभग चालीस हजार चुनाव कर्मी तैनात किये गये हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि इन 17 सीटों के लिए कुल 7016 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों में कुल 56,18,267 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इन मतदाताओं में 2937976 पुरुष, 2680205 महिला, 86 तृतीय लिंग के और 144153 नए मतदाता (18-19 साल के) हैं। इसके अलावा 80 साल से अधिक आयु के 53, 516 और 63754 दिव्यांग मतदाता हैं। 

UPDATE :-
-झारखंड में तीसरे चरण का मतदान जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान करने के अपील की। और PM मोदी ने विशेष रूप युवाओं से मतदान के लिए अनुरोध किया।
-गिरिडीह जिले में धनवार के भूधरनी स्थित बूथ नम्बर 242 पर वोट देकर निकले भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण प्रसाद सिंह।
– भाजपा सांसद मंत्री जयंत सिन्हा ने हजारीबाग के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
-सबसे पहले मतदान पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और रांची की झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी महुआ माझी ने मतदान किया। 

Desk Team