झारखंड : मानव तस्‍करी के खिलाफ नुक्‍कड़ नाटक करने गई 5 लड़कियों से गैंगरेप

Summary :

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बारे में पीड़िताओं ने प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी थी बल्कि इस बारे में उन्हें सूत्रों से पता चला। 

मानव तस्करी और विस्थापन के मुद्दे पर झारखंड के चोचांग गांव में जागरूकता फैलाने गईं एक गैर सरकारी संगठन से जुड़ी पांच महिलाओं का कम से कम पांच पुरुषों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस उप महानिरीक्षक अमोल वी होमकर ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इस घटना में पत्थलगढ़ी से जुड़े लोग लिप्त हैं। घटना मंगलवार को खूंटी जिले में घटी थी ।

पुलिस अधीक्षक अश्चिनी कुमार सिन्हा ने बताया कि गैर सरकारी संगठन का 11 सदस्यीय दल मानव तस्करी और विस्थापन के संबंध में एक नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति देने गांव गया हुआ था। पुलिस ने बताया कि मौके पर कुछ पुरुष आ गए और उन्हें बंदूक के दम पर नजदीक के जंगलों में ले गए। वहीं पर उन्होंने अपराध को अंजाम दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और इस मामले में आठ लोगों को पकड़ा गया है। मामले की जांच के लिए तीन दलों का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बारे में पीड़िताओं ने प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी थी बल्कि इस बारे में उन्हें सूत्रों से पता चला। महिलाओं की मेडिकल जांच की जा चुकी है।

देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार।

Desk Team