रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को तीन उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी की जिसमें जुगसलाई सीट से मंगल कालिंदी, तोरपा से सुदीप गुड़िया और चक्रधरपुर से सुखराम उरांव को टिकट दिया गया है। झामुमो ने तोरपा से बगावती तेवर वाले अपने विधायक पौलुस सुरीन का टिकट काट दिया। झामुमो ने आज विधानसभा चुनावों के लिए तीन उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की जिसमें खूंटी के तोरपा से पौलुस सुरीन का टिकट काट कर सुदीप गुड़िया को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
पौलुस सुरीन ने इस वर्ष हुए लोकसभा चुनावों के दौरान बगावती रुख दिखाया था और कांग्रेस -झामुमो के गठबंधन में खूंटी लोकसभा सीट कांग्रेस को दिये जाने का विरोध किया था तथा पार्टी के नेतृत्व के इस फैसले पर सवाल उठाये थे। उस दौरान उन्होंने यहां तक धमकी दे दी थी कि यदि झामुमो नेतृत्व ने अपना निर्णय नहीं बदला तो वह निर्दलीय खूंटी से लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं।
झामुमो ने आज जारी उम्मीदवारों की सूची में उनका टिकट काट कर उन्हें एक तरह से उनका कद बताने का काम किया है। झामुमो ने अब तक अपने कुल 21 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। महागठबंधन के समझौते के अनुसार राज्य विधानसभा की कुल 81 सीटों में से झामुमो को 43, कांग्रेस को 31 और राजद को सात सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने हैं। राज्य में 30 नवंबर से प्रारंभ होकर 20 दिसंबर तक पांच चरणों में मतदान होने हैं और मतगणना 23 दिसंबर को होगी।


Download Android App
Download iOS App



