झारखंड: पुलिस ने अलकायदा के आतंकवादी को किया गिरफ्तार

Summary :

झारखंड पुलिस के अपराध निरोधक दस्ते (एटीएस) ने अलकायदा के आतंकवादी मोहम्मद कलीमुद्दीन मुजाहिरी को गिरफ्तार किया है।  

झारखंड पुलिस के अपराध निरोधक दस्ते (एटीएस) ने अलकायदा के आतंकवादी मोहम्मद कलीमुद्दीन मुजाहिरी को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ऑपरेशनल) एम.एल. मीणा ने रविवार को  कहा, “कलीमुद्दीन अलकायदा का मोस्ट वांटेड आतंकवादी है।
उसे टाटानगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। वह भारतीय उपमहाद्वीप में युवाओं को जिहाद के नाम पर उकसा रहा था और तैयार कर रहा था।” उन्होंने कहा, “वह नए-नए भर्ती हुए लड़कों को प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान भेजता था।” उन्होंने कहा, “कलीमुद्दीन जमशेदपुर का रहने वाला था और तीन साल से लापता था। जमशेदपुर में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज थे।” 

अक्षरधाम मंदिर के पास पुलिस वाहन पर 4 अज्ञात बदमाशों ने की गोलीबारी

उन्होंने कहा, “उसके साथी मोहम्मद अब्दुल रहमन अली उर्फ हैदर उर्फ कतकी, अब्दुल सामी उर्फ उज्जन उर्फ हसन दिल्ली में तिहाड़ जेल में बंद है।” उन्होंने कहा कि कलीमुद्दीन युवाओं को भर्ती करने के लिए उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल के साथ-साथ अन्य राज्यों में जा चुका है। वह बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब और अन्य देश भी जा चुका है। 

Desk Team