पूर्व केन्द्रीय मंत्री व धौरहरा से कांग्रेस प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन वोट नहीं डाल सकीं हैं क्योंकि पोस्टल बैलेट से पहले ही उनका वोट डाला जा चुका है। उन्होंने वोटिंग मे गड़बड़ी का आरोप लगाया और चुनाव आयोग से मामले का संज्ञान लेने की मांग की। जितिन प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा, ‘मेरी बहन वोट नहीं डाल सकीं हैं क्योंकि उनसे कहा गया है कि उनका वोट पोस्टल बैलट से पड़ गया है। ऐसे होता है फर्जी मतदान।
इसका संज्ञान चुनाव आयोग को लेना चाहिए।’ जितिन प्रसाद की बहन जब वोट डालने पहुंची तो सूची में उनके नाम के सामने पहले से ही टिक का निशान लगा हुआ था, जिसकी वजह से उन्हें वोट डालने नहीं दिया गया। उनसे कहा गया कि उनका वोट पोस्टल बैलेट पेपर से डाला जा चुका है। जिला मजिस्ट्रेट व रिटर्निग अधिकारी अमृत त्रिपाठी ने कहा, ‘एक मतदान कर्मचारी की गलती के कारण प्रसाद की बहन के नाम के आगे टिक का निशान लग गया था। अगर वह फिर से मतदान केंद्र में आती हैं, तो उन्हें मतदान करने की अनुमति दी जाएगी।’


Download Android App
Download iOS App



